डबरा पारा कुरूद में विराजी महालक्ष्मी का हुआ धूमधाम के साथ विसर्जन

डबरा पारा कुरूद में विराजी महालक्ष्मी का हुआ धूमधाम के साथ विसर्जन

कुरूद. जागृति लक्ष्मी गणेशोत्सव समिति डबरापारा कुरूद में विराजी धन की देवी श्री महालक्ष्मी जी का शुक्रवार को बहुत ही धूमधाम के साथ विसर्जन शोभायात्रा निकाल कर विसर्जन किया गया। धूमाल की मधुर थाप से सजे इस शोभायात्रा में वार्ड सहित नगरवासी शामिल हुए । अंतिम दर्शन के लिए भक्तों का जनसैलाब उमड़ा।सभी ने माता रानी के सम्मुख वंदन कर घर-परिवार और समाज की खुशहाली की कामना की। धूमाल की मनभावन धुन पर नाचते गाते भक्तों ने अपनी आस्था प्रकट की। नगर के इस वार्ड में विगत सोलह वर्षों से लगातार धन की देवी श्री महालक्ष्मी जी की स्थापना की जा रही है और सभी मिलकर एक साथ दीवाली पर्व को पूरी सादगी के साथ मनाते है और समरसता और एकरूपता का संदेश देते है जो कि इस पर्व को खास बनाती है।  कुरूद नगर के डबरापारा में प्रतिवर्ष की भांति श्री जागृति लक्ष्मी गणेशोत्सव समिति द्वारा बहुत ही धूमधाम के साथ श्री महालक्ष्मी जी की स्थापना की जाती है।









 विदित है इस वार्ड में आमजन मिलकर श्री महालक्ष्मी जी की पूजा कर एक साथ दीपावली मनाते है और माता रानी की पांच दिनों तक सुबह शाम पूजा आराधना कर परिवार की खुशहाली और समाज के कल्याण का संदेश देते है।इसकी शुरुआत धनतेरस के दिन से होती है, जहां मां लक्ष्मी जी की स्थापना की जाती है और भाईदूज के दिन इनका विसर्जन किया जाता है।सभी के एक साथ मिलजुलकर पर्व मनाने की परंपरा लोगों को एकरूपता और समरसता का संदेश देती है।

                                     रिपोर्ट - मुकेश कश्यप