कुरूद में मातारानी का हो रहा भव्य आगमन , मंदिरों में जगमगाए आस्था ज्योत
मुकेश कश्यप की रिपोर्ट
कुरूद. रविवार को शक्ति की उपासना के पर्व क्वार नवरात्रि पर नगर के पंडालों में माता रानी का भव्य आगमन हो रहा है। नौदुर्गोत्सव समितियों द्वारा जगदम्बा भवानी का विधिवत स्वागत कर स्थापना की गई। प्रमुख स्थानों पर आकर्षक भव्य पंडालों में विभिन्न साज-सज्जा से सुसज्जित और आकर्षक लाइटिंग द्वारा मंच को मनमोहक रूप दिया गया है।
मिली जानकारी अनुसार रविवार को कुरूद में संजय नगर , सरोजनी चौक, पुराना बाजार चौक , थाना चौक, गांधी चौक , बजरंग चौक, पुरानी कृषि उपज मंडी , नया बाजार चौक, इंदिरा नगर, शंकर नगर , कारगिल चौक नया तालाब , सूर्य नमस्कार चौक, धोबनी तालाब आदि स्थानों पर माता रानी की स्थापना की गई। वहीं नगर की आराध्य देवी मां चंडी , मां शीतला और जय महाकाली छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में ज्योत जंवारा बोया गया और एवं मनोकामना ज्योत प्रज्वलित किया गया ।
कुरूद में नौ दुर्गा के स्थापना के साथ जस सेवा गीतों की मधुर ध्वनि से पूरा नगर शक्ति की भक्ति में सराबोर होकर जनकल्याण की कामना के साथ आस्था भक्ति में सजा नजर आ रहा है।इसी तरह खेल मेला मैदान में नवरात्रि के आज प्रथम दिवस से नगर दशहरा उत्सव समिति द्वारा मनभावन सांस्कृतिक कार्यक्रम की श्रृंखला प्रारंभ हो जाएगी।
