कुरूद में आदिशक्ति मां भवानी के आगमन में सज रहे मनभावन पंडाल ,धूमधाम के साथ होगा जगतजननी का भव्य स्वागत
कुरूद. शक्ति की उपासना के महापर्व क्वांर नवरात्रि की तैयारी कुरूद नगर में पूरी भव्यता के साथ जारी है। नगर में परंपरा के तहत दुर्गोत्सव समितियों द्वारा जगदम्बा भवानी की स्थापना की तैयारी अंतिम चरण में है। प्रमुख स्थानों पर आकर्षक भव्य पंडालों का निर्माण किया जा रहा है। विभिन्न साज-सज्जा से सुसज्जित माता के दरबार को तैयार करने आयोजक जुटें हुए है। वहीं आकर्षक लाइटिंग द्वारा मंच को मनमोहक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।मिली जानकारी अनुसार कुरूद में संजय नगर , सरोजनी चौक, पुराना बाजार चौक , थाना चौक, गांधी चौक , बजरंग चौक, पुरानी कृषि उपज मंडी , नया बाजार चौक, इंदिरा नगर, शंकर नगर , कारगिल चौक नया तालाब , सूर्य नमस्कार चौक, धोबनी तालाब आदि स्थानों पर माता रानी के दरबार को तैयार किया जा रहा है। वहीं नगर की आराध्य देवी मां चंडी , मां शीतला और जय महाकाली छत्तीसगढ़ महतारी मंदिर में ज्योत जंवारा एवं मनोकामना ज्योत प्रज्वलित करने की तैयारी की जा रही है। मंदिरो को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है।कुरूद में रविवार से नौ दुर्गा के स्थापना के साथ जस सेवा गीतों की मधुर ध्वनि से पूरा नगर शक्ति की भक्ति में सराबोर होकर जनकल्याण की कामना के साथ आस्था भक्ति में सजा नजर आएगा।इसी तरह खेल मेला मैदान में नवरात्रि के प्रथम दिवस से नगर दशहरा उत्सव समिति द्वारा मनभावन सांस्कृतिक कार्यक्रम की श्रृंखला प्रारंभ हो जाएगी ,जिसकी तैयारी में आयोजक जुटे हुए है।
