कुरुद में आस्था का सैलाब: भव्य चुनरी यात्राओं में बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु, माता रानी को अर्पित की गई विशाल चुनरी
मुकेश कश्यप की रिपोर्ट
कुरुद .नवरात्रि के पावन अवसर पर शनिवार को कुरुद नगर पूरी तरह से माता रानी की भक्ति के रंग में सराबोर रहा। नगर में माता रानी की असीम कृपा से दो अलग-अलग स्थानों से भव्य एवं ऐतिहासिक माता चुनरी यात्राओं का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुगण सपरिवार शामिल हुए।चुनरी यात्रा गांधी चौक द्वारा निकाली गई जो कि नगर भ्रमण उपरांत चंडी मंदिर प्रांगण पहुंची, वही कारगिल चौक से निकली यह भव्य शोभायात्रा सीधे चंडी मंदिर पहुंच कर विधिवत पूजन और चुनरी अर्पण माता के दरबार में हुआ।
नया तालाब कारगिल चौक से चंडी माता मंदिर तक भव्य चुनरी यात्रा:
नया तालाब कारगिल चौक कुरुद से चंडी माता के प्रांगण तक आयोजित इस भव्य चुनरी यात्रा का मुख्य आकर्षण माता रानी की विशाल चुनरी रही। माता की भक्ति में लीन श्रद्धालु इस विशाल चुनरी को अपने हाथों में थामे जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। यात्रा में अघोरी ग्रुप की मनमोहक प्रस्तुतियां और शानदार आतिशबाजी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे।
गांधी चौक कुरुद की भव्य चुनरी यात्रा:
इसी कड़ी में दूसरा भव्य आयोजन गांधी चौक कुरुद के तत्वाधान में किया गया। गांधी चौक से शुरू हुई इस चुनरी यात्रा में भी भारी संख्या में भक्तों का हुजूम उमड़ा। माता रानी का आशीर्वाद लेने पहुंचे श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए पूरा मार्ग सज-धज कर तैयार था। इस यात्रा को खास बनाने के लिए नागपुर का प्रसिद्ध 3 स्टार धुमाल और गोरिल्ला इवेंट्स ने सभी का ध्यान खींचा।
दोनों ही आयोजनों में नगरवासियों और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालु गणों ने उत्साह के साथ शामिल होकर इस पावन धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाई। जगह-जगह पर चुनरी यात्रा का पुष्प वर्षा और आरती उतारकर आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे कुरुद क्षेत्र में दिनभर "जय माता दी" के जयकारे गूंजते रहे।बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और आमजनमानमस इसमें शामिल हुए।


.jpg)






