केसीपीएस कुरूद में नवरात्रि पर भव्य आयोजन, नौ देवियों के रूप में सजीं नन्हीं बेटियां, गरबा नृत्य ने मोहा मन

केसीपीएस कुरूद में नवरात्रि पर भव्य आयोजन, नौ देवियों के रूप में सजीं नन्हीं बेटियां, गरबा नृत्य ने मोहा मन






कुरूद. नगर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल, कुरूद में शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर एक भव्य और विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 'रेड डे' (लाल रंग दिवस) के रूप में भव्य कार्यक्रम मनाया गया, जिसके चलते पूरा विद्यालय प्रांगण लाल रंग के आकर्षक और सुंदर श्रृंगार से सराबोर नजर आया।


नन्हीं बेटियों का हुआ भव्य पूजन:

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्री-प्राइमरी की नन्हीं-मुन्हीं बच्चियां रहीं, जो माता दुर्गा के नौ स्वरूपों (नव कन्या) के रूप में सज-धजकर आईं। माता रानी के इन मनमोहक स्वरूपों का मंच तक भव्य स्वागत और अगवानी की गई। इसके बाद विद्यालय की प्राचार्य शिक्षकों द्वारा पूरे विधि-विधान से नौ कन्याओं का पूजन-वंदन किया गया। सम्मान स्वरूप सभी देवियों को श्रृंगार सामग्री और उपहार भेंट किए गए। प्राचार्य और समस्त स्टाफ ने माता रानी से सभी की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं।


गरबा और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां:

पूजन के उपरांत विद्यालय की होनहार बेटियों ने पारंपरिक वेशभूषा में मां दुर्गा की आराधना करते हुए गरबा नृत्य की बेहद सुंदर और मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके बाद अन्य कक्षाओं के छात्र-छात्राओं ने नवरात्रि से जुड़े भक्ति गीतों और नृत्यों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।


नौ शक्तियों की जीवंत झांकी और संदेश:

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा माता दुर्गा की नौ शक्तियों (नवदुर्गा) की एक भव्य जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य मंजीरा ठाकुर ने अपने उद्बोधन में बच्चों को नवरात्रि पर्व के आध्यात्मिक व सामाजिक महत्व से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि यह पर्व नारी शक्ति के सम्मान और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने सभी बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को नवरात्रि की हार्दिक बधाई दी।


सामूहिक गरबा के साथ समापन:

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के सभी बच्चों ने एक साथ मिलकर सामूहिक रूप से गरबा नृत्य का प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चों के थिरकते कदमों ने पूरे माहौल को उत्सव के उल्लास से भर दिया और कार्यक्रम की भव्यता में चार चांद लगा दिए। इस सफल और संस्कारयुक्त आयोजन की नगरवासियों और अभिभावकों ने काफी सराहना की है।इस दौरान सभी शिक्षक-शिक्षिकाए उपस्थित रहे।