अछोटा में रामधुनी के सुरों से गूंजा शिव चौक, तीन दिवसीय प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

 ​TOP BHARAT NEWS DHAMTARI

किसन साहू 

धमतरी- ग्राम अछोटा के शिव चौक में पीपर के छईया रामधुनी आयोजन समिति के तत्वावधान में तीन दिवसीय रामधुनी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन के दौरान अछोटा का वातावरण भक्तिमय एवं धार्मिक रंग में रंग गया।

शुभारंभ के अवसर पर धारेश्वरनाथ मंदिर से शाम 4 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के बाद शाम 5 बजे विधिवत रामधुनी की स्थापना एवं प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के पहले दिन रामधुनी मंडली अछोटा, नव युवा प्रज्ञा मानस परिवार जंवरगांव एवं श्री बाल समाज रामधुनी मंडली दोनर (देवरी) ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। मंडलियों द्वारा रामायण एवं धार्मिक प्रसंगों पर आधारित झांकी, नृत्य और रामधुनी की प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

दूसरे दिन पांच मंडलियां देंगी प्रस्तुति

प्रतियोगिता के दूसरे दिन जय महामाया लोक रामधुनी मंडली किकिरमेटा, बोलबम रामधुनी मंडली भरवा (मगरलोड), जय मां कालिका भुनेश्वर रामधुनी मंडली बंकल खपरी, जय मां सरस्वती रामधुनी मंडली सेमरडीह (बालोद) तथा जय मां दुर्गा छः लोकप्रिय रामधुनी संबलपुर (डोंगरगांव) द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।

अंतिम दिन भी धार्मिक प्रस्तुतियों से सजेगा मंच

प्रतियोगिता के अंतिम दिन श्री नवदुर्गा महिला रामधुनी मंडली चर्चा (कुरुद), मोर नन्हें संगवारी जोरातराई, जय श्री रामधुनी झांकी मंडली बलियारा, जय बजरंग झांकी रामधुनी मंडली खरता (गरियाबंद) तथा जय शंकर रामधुनी मंडली बेन्द्रानवागांव (रुद्री) द्वारा रामधुनी एवं धार्मिक प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर ग्राम विकास समिति अध्यक्ष खिलेश राम सेन, योगेश्वर देवांगन, धनुष राम साहू, झुमुक उइके, महेश ध्रुव, राम ध्रुव, दिलीप देवांगन, गिरीश साहू, नरेंद्र साहू, संजय देवांगन, भगत देवांगन, पीयूष देवांगन, केश सेन, सोमन राम एवं राजा देवांगन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


तीन दिवसीय रामधुनी प्रतियोगिता के आयोजन से अछोटा में भक्ति, लोक संस्कृति और पारंपरिक कला का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। आयोजन समिति द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस आयोजन को भव्य रूप दिया जा रहा है।