केसीपीएस कुरूद में अंतर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस पर हुआ सामूहिक योग अभ्यास

केसीपीएस कुरूद में अंतर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस पर हुआ सामूहिक योग अभ्यास


कुरूद. कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल कुरूद में अंतर्राष्ट्रीय विश्व योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ ने सक्रिय रूप से भाग लेकर स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती का संदेश दिया।आर्ट ऑफ लिविंग के योग शिक्षक और मार्गदर्शक तामेश्वर साहू के कुशल मार्गदर्शन में सभी ने योग की बारीकियों से अवगत होते हुए इसे दैनिक जीवन में उपयोग करने की प्रेरणा पाई। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत ज्ञानदायनी मां सरस्वती की पूजा वंदना उपरांत हुई। इसके पश्चात स्वागत अभिनंदन उपरांत कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग अभ्यास से हुई। तामेश्वर सर ने उपस्थित सभी बच्चों और स्टाफ को योग के विभिन्न प्राणायाम और योगासन का क्रमबद्ध अभ्यास कराया। उन्होंने हर आसन को बारी-बारी से करवाते हुए शरीर और मन पर इसके सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योग करने से मानसिक एकाग्रता बढ़ती है और शारीरिक स्वास्थ्य मजबूत होता है। प्राचार्य के मंजीता ठाकुर ने संबोधित करते हुए दैनिक जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और पढ़ाई के तनाव को दूर करने के लिए योग सबसे सशक्त माध्यम है। बच्चों को बचपन से ही योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए ताकि वे एक स्वस्थ नागरिक बन सकें।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय के बच्चों द्वारा दी गई योग आधारित विशेष डांस प्रस्तुति रही। छात्रों ने कठिन योगासनों को बेहद सहजता और संगीत के तालमेल के साथ नृत्य के रूप में मंच पर प्रदर्शित किया। इस बेहतरीन और अनोखी प्रस्तुति ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया। बच्चों के इस शानदार प्रदर्शन और कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन द्वारा उन्हें विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस सफल आयोजन से पूरे विद्यालय परिसर में सकारात्मकता और ऊर्जा का माहौल रहा।इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्पोर्ट्स शिक्षक डागेश्वर निषाद , नंदनी दीवान सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का उत्कृष्ट योगदान रहा।