भटगांव। तेज गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए ग्राम भटगांव के गौठान चौक स्थित शासकीय अस्पताल के पास आमजन की सुविधा के लिए पानी प्याऊ का शुभारंभ किया गया। इस नेक पहल का उद्घाटन गांव के बैगा के हाथों विधिवत रूप से किया गया, जिससे कार्यक्रम को पारंपरिक और सामाजिक महत्व भी मिला।
गर्मी के इस मौसम में राहगीरों, मरीजों एवं उनके परिजनों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सराहनीय कार्य किया गया है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में प्रमुख रूप से घरमा साहू, लोमेश देवांगन, कल्याण साहू एवं जित्तू सिन्हा का विशेष योगदान रहा। इनके प्रयासों से क्षेत्र में राहत की एक नई व्यवस्था शुरू हुई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में काफी सहूलियत मिलेगी।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की पहल आगे भी जारी रहेगी और अन्य स्थानों पर भी जनहित के कार्य किए जाएंगे।


