विश्व श्रमिक दिवस पर “जन सहयोग” ने मजदूरों का किया सम्मान, बांटे शीतल पेय व उपयोगी सामग्री



कांकेर | अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर कांकेर में सामाजिक संस्था “जन सहयोग” द्वारा मजदूरों का सम्मान किया गया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में मजदूरों को शीतल पेयजल, गमछा और तौलिया वितरित कर उनके परिश्रम के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।


संस्था के अध्यक्ष अजय पप्पू मोटवानी ने इस अवसर पर कहा कि दुनिया का संचालन केवल धन से नहीं, बल्कि मजदूरों की मेहनत से होता है। उन्होंने बताया कि मजदूर वर्ग हर परिस्थिति—कड़ाके की ठंड, बारिश और तपती गर्मी—में कठिन परिश्रम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है।


उन्होंने कहा कि आज भीषण गर्मी में भी मजदूर लगातार काम कर रहे हैं, ताकि उनके परिवार का जीवन सुचारू रूप से चल सके। ऐसे में “जन सहयोग” द्वारा दिया गया यह छोटा सा सम्मान उनके प्रति आभार व्यक्त करने का प्रयास है।


मोटवानी ने यह भी कहा कि मजदूर स्वाभिमानी होते हैं और अपनी मेहनत के बल पर जीवन यापन करना पसंद करते हैं। संस्था की ओर से दी गई इस छोटी सी सौगात को उन्होंने प्रेमपूर्वक स्वीकार किया।


कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी टी.के. जैन, प्रवीण गुप्ता, राजेश चौहान, आशुतोष देव, ऋतिक सोनी और शैलेंद्र देहारी सहित कई युवाओं ने कड़ी धूप में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।


मजदूर दिवस पर आयोजित यह सादगीपूर्ण कार्यक्रम पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।