कुरूद। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र से लूट और चाकूबाजी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बालोद जिले के रहने वाले पेण्डरवानी निवासी दयानंद साहू 27 अप्रैल की शाम अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने सिहाद गांव पहुंचे हुए थे। रात करीब 9:15 बजे वे अपने रिश्तेदार तिलक राम साहू के साथ पंचायत भवन के पीछे तालाब के पास गए थे। इसी दौरान चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार दिखाकर धमकाते हुए लूटपाट की। आरोपियों ने दयानंद साहू से उनका मोबाइल फोन और नगदी रूपये छीन ली। विरोध करने पर उनके बाएं जांघ में वार कर घायल कर दिया। वहीं तिलक राम साहू से भी 500 रुपये लूटे गए और उन्हें भी चोट पहुंचाई गई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस जांच के दौरान आरोपी किशन यादव समेत तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक कैंची बरामद की है। वहीं इस घटना में शामिल एक आरोपी किशन यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। भखारा थाना प्रभारी कमिलचंद सोरी ने बताया की भखारा थाना क्षेत्र में हुई इस लूट की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ऐसे आपराधिक तत्वों को यह स्पष्ट संदेश है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लूट, चोरी या आपराधिक गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में भखारा थाना प्रभारी कमिलचंद सोरी, प्रधान आरक्षक त्रिलोकी बघेल, आरक्षक खुमान साहू, दुष्यंत सिन्हा और संदीप साहू की अहम भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
