प्ले स्कूल में उद्घाटन से पहले बड़ी चोरी, CCTV में कैद वारदात — पुलिस कार्रवाई पर सवाल

 लखनऊ के बिजनौर क्षेत्र में एक प्ले स्कूल में उद्घाटन से पहले बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। देर रात करीब 1:20 बजे अज्ञात चोरों ने गेट का ताला तोड़कर स्कूल परिसर में प्रवेश किया और मात्र 8 मिनट के भीतर इन्वर्टर व बैटरियां “छोटा हाथी” वाहन में लादकर फरार हो गए।

पूरी वारदात परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में स्पष्ट रूप से कैद हुई है, जिसमें संदिग्ध वाहन और सामान ले जाते आरोपी साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की औपचारिकता पूरी की। पुलिस को CCTV फुटेज भी सौंप दिया गया है।

हालांकि घटना के कई दिन बाद भी न तो किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है और न ही चोरी गया सामान बरामद हो सका है। इससे पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

पीड़ित ने एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्पष्ट सबूत मौजूद होने के बावजूद कार्रवाई में हो रही देरी ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।

स्वाति वर्मा

ब्यूरो लखनऊ