केसीपीएस कुरूद में बारहवीं का हुआ विदाई समारोह
कुरूद. कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल कुरूद में कक्षा ग्यारहवीं के बच्चों द्वारा बारहवी के बच्चों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के स्वागत गेट पर तिलक वंदन अभिनंदन से हुई। तदउपरांत सीनियर्स को जूनियर्स द्वारा रैंप वॉक द्वारा मुख्य मंच तक पहुंचाया गया।साथ ही उन्हें स्नेह रूपी भेंट देकर सम्मानित किया गया। ग्यारहवीं के बच्चों ने इस कार्यक्रम के लिए विशेष तैयारी कर रखी थी। आधुनिकता से भरे आकर्षक साज सज्जा और भव्यता से महकता डेकोरेशन सबका ध्यान आकर्षित करने लगे। जूनियर्स द्वारा मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति ने कार्यक्रम का समा बांधा। इस दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए मनोरंजक गेम्स का आयोजन हुआ। जिसमे बच्चों ने भाग लेकर अपने उत्साह और कौशल का प्रदर्शन किया।प्राचार्य के मंजीता ठाकुर ने अपने उद्बोधन में विदाई ले रहे बच्चों को उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आगे पूरी मेहनत और लगन से आगे की पढ़ाई करने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्कूल में मिली सीख आपकों जीवन भर याद आएगी और यहां गुजारे पल आपको हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। इसी तरह विदा हो रहे बच्चों ने सभी शिक्षकों और विद्यालय परिवार का आभार प्रकट करते हुए अपने भाव प्रकट किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में केक काटकर इस कार्यक्रम की खुशियों में मधुरता की चमक महकाई गई। साथ ही साथ डीजे की मनभावन धुन पर बच्चों ने थिरककर अपनी इस खुशी के अनमोल और स्कूल के अंतिम दिन का इजहार किया। इस दौरान सभी शिक्षक-शिक्षिकाए उपस्थित रहे।
