प्रतिभाओ के सम्मान के साथ समर कैम्प का भव्य समापन
कुरुद. विगत एक सप्ताह से कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल कुरुद में जारी समर कैम्प का गुरुवार को प्रतिभाओ के सम्मान के साथ भव्य समापन हुआ।कैंप के अंतिम दिन उन होनहार बच्चों के सम्मान में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया, जिन्होंने अपनी कला और कौशल से सभी का दिल जीत लिया। समापन के अवसर पर समर कैंप के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों जैसे फैंसी ड्रेस रैम्प वाक , डांस, फायरलेस कुकिंग, कैलीग्राफी, योगा और म्यूजिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।अंतिम दिवस सुबह से ही नन्हे-मुन्हे बच्चे पूरे उत्साह के साथ विद्यालय पहुंचे।ज्ञानदायनी माँ सरस्वती की विधिवत पूजा उपरांत कार्यक्रम के प्रथम चरण में फैंसी ड्रेस स्पर्धा हुई ।मनमोहक रूप में सजे बच्चो ने रैम्प वाक द्वारा विभिन्न रूप धारण कर सबका मन मोहा। उनकी मीठी मुस्कान औऱ चंचलता कार्यक्रम मे चार चाँद लगा दिया।रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे बच्चों ने अपनी मासूमियत और आत्मविश्वास से मंच पर जादू बिखेरा।इसके उपरांत ओपन स्टेज के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा की प्रस्तुति दी।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक विश्वनाथ चंद्राकर, उपप्रबंधक योगेश चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्राचार्य के मंजिता ठाकुर ने विजेता बच्चों और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानना और उन्हें एक मंच प्रदान करना है। इन बच्चों ने जिस उत्साह के साथ नई चीजें सीखी हैं, वह काबिले तारीफ है। शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में अग्रणी रहना ही सर्वांगीण विकास की पहचान है।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन औऱ प्राचार्य मैम द्वारा सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और कैंप के सफल आयोजन के लिए शिक्षकों,प्रशिक्षकों, पालकों और बच्चों का आभार व्यक्त किया गया।

