फायरलेस कुकिंग के प्रशिक्षण ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह

 फायरलेस कुकिंग के प्रशिक्षण ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह

कुरूद.  जीवन में रचनात्मकता के विभिन्न आयाम है। इनसे जुड़कर ही जिंदगी को रोचक बनाया जा सकता है। कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल कुरूद में चल रहे ग्रीष्मकालीन समर कैंप के छटवे दिन विद्यार्थियों के लिए फायरलेस कुकिंग (बिना आग के खाना पकाना) प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में बच्चों ने बिना गैस या आग का उपयोग किए स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन बनाने की कला सीखी।शिविर के दौरान नन्हे रसोइयों ने बड़े उत्साह के साथ केक, सैंडविच, फ्रूट सलाद,दही बड़ा, अंकुरित चाट सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार किए। शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने न केवल व्यंजन बनाना सीखा, बल्कि स्वच्छता, टीम वर्क और भोजन को आकर्षक तरीके से परोसने के गुर भी सीखे।प्राचार्य के मंजीता ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि फायरलेस कुकिंग जैसी गतिविधियाँ बच्चों में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता पैदा करती हैं। इससे बच्चों को पोषण के महत्व और स्वस्थ खान-पान की आदतों के बारे में जागरूक किया जा रहा है ताकि वे जंक फूड से दूर रहें।उन्होंने आगे कहा कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को बाहर लाना और उन्हें रचनात्मक कार्यों से जोड़ना है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों द्वारा बनाए गए व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसकी सभी ने सराहना की।कैंप के अंतिम दिवस गुरुवार को बच्चों की प्रतिभा को मंच देने फैंसी ड्रेस , डांस , सिंगिंग, फायरलेस कुकिंग सहित अन्य गतिविधियों की स्पर्धा होगी। सभी प्रतियोगिता में अग्रणी रहने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ और प्रशिक्षकों का विशेष योगदान मिल रहा है।