नियमों को ताक में रखकर सामानों की खरीदी करने का आरोप

 


धमतरी. युवक कांग्रेस ने पीजी कालेज प्रबंधन पर नियमों को ताक में रखकर जनभागीदारी समिति के अनुमोदन के बिना लाखों के कम्यूटर, फोटो कापी और एसी मशीन खरीदी का आरोप लगाया है। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। 

शनिवार को राजीव भवन में मीडिया से चर्चा करते हुए युवक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गीतराम सिन्हा व प्रदेश प्रवक्ता राकेश मौर्य ने पीजी कालेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 19 अगस्त 2025 को 3.64 लाख रूपए की लागत से दो फोटो कॉपी मशीन खरीदी गई। यह मशीन स्ववित्तीय कोष से खरीदा गया है। खरीदी के पहले जनभागीदारी समिति में चर्चा कर खरीदी के लिए प्रस्ताव पारित कराना होता है, लेकिन प्रबंधन द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। इसी तरह पूर्व में करीब 35 लाख रूपए की लागत से 50 कम्प्यूटर और एसी की खरीदी की गई है। इसके लिए भी जनभागीदारी समिति की बैठक में प्रस्ताव पारित कराना उचित नहीं समझा गया। जबकि स्ववित्तीय कोष से खरीदी के पहले नियमत: जनभागीदारी की बैठक में प्रस्ताव पारित कर अनुमोदन कराना जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि पिछले जनभागीदारी समिति की बैठक में जब इस बात को उठाया गया, तो प्राचार्य ने इसे सिरे से नकार दिया।

भेदभाव करने का लगाया आरोप

युवक कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राकेश मौर्य ने कहा कि जनभागीदारी समिति में शासन के नियमानुसार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की निुयक्ति की जाती है। विधायक द्वारा प्रतिनिधि के तौर पर विधायक प्रतिनिधि की नियुक्ति की जाती है। बैठक की सूचना या जनभागीदारी समिति द्वारा किए जा रहे गतिविधियों की जानकारी देना प्रबंधन का काम होता है, लेकिन प्रबंधन द्वारा इसका पालन नहीं किया जा रहा है। उन्होंने प्रबंधन पर विधायक प्रतिनिधि के साथ भेदभाव करने का भी आरोप लगाया है। 

जांच रिपोर्ट नहीं की गई सार्वजनिक 

निगम में डीजल घोटोल की जांच के विषय पर युकां जिला उपाध्यक्ष ने कहा कि जांच समिति बनी। जांच रिपोर्ट भी आ गई, लेकिन आज तक सार्वजनिक नहीं किया गया। निगम आयुक्त द्वारा जांच रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप देने की जानकारी दी जाती है। जबकि जिला प्रशासन आयुक्त के पास फाईल होने की जानकारी दे रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। रिपोर्ट को यदि जल्द सार्वजनिक नहीं किया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन किया जाएगा। 


वर्जन

 महाविद्यालय में कम्प्यूटर के बिना छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी, इसलिए छात्रहित में कम्यूटर की खरीदी की गई है। पूरी खरीदी जैम पोर्टल से हुई है। भुगतान से पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष से स्वीकृति ली गई है। सभी कम्प्यूटर अच्छी कंपनी के हैं। लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद है।      

 वीके पाठक, प्राचार्य पीजी कालेज