केसीपीएस कुरूद में निशुल्क समर कैंप का हुआ भव्य आगाज , बड़ी संख्या में बच्चों की कलात्मक आयाम को मिला मंच

केसीपीएस कुरूद में निशुल्क समर कैंप का हुआ भव्य आगाज , बड़ी संख्या में बच्चों की कलात्मक आयाम को मिला मंच 

कुरूद. कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल कुरूद में नगर और ग्रामीण क्षेत्र के सभी स्कूली बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने समर कैंप का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। सर्वप्रथम विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों का रजिस्ट्रेशन कर उनका स्वागत द्वार पर तिलक वंदन कर अभिनंदन किया गया। इसके उपरान्त ज्ञानदायनी मां सरस्वती की पूजा आराधना कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। सभी का स्वागत करते हुए प्राचार्य के मंजीता ठाकुर ने कहा कि आप सभी आज से अपनी कलात्मकता को आयाम देंगे। एक ऐसा मंच आपको दिया जा रहा है जहां से आप अपनी रुचि अनुसार नई नई विधाओं के द्वारा अपने जीवन में कला के रंग भरेंगे।आप सभी का हम विद्यालय परिवार की ओर से सादर हार्दिक अभिनन्दन करते है। तद उपरांत समय सारणी अनुसार कक्षाएं प्रारंभ हुई । जिसमें सबसे पहले हॉल में बच्चों को योग के विभिन्न प्राणायाम की शिक्षा दी गई।सूर्य नमस्कार की विधा के साथ साथ विभिन्न आसनों के द्वारा बच्चों को योग का जीवन में महत्व समझाया गया।इसके साथ मेडिटेशन कला को भी विधिवत संपन्न कराया गया।इसके उपरांत लीफ आर्ट अंतर्गत बच्चों ने विभिन्न पत्तो के आकार में सादे कागज पर विभिन्न कलाकृतियों को बनाना सीखा। अंतिम चरण में म्यूजिक की कक्षाएं प्रारंभ हुई। जिसमें बच्चों ने म्यूजिक के रिदम , सुर , ताल , बीट के द्वारा संगीत कौशल की मधुरता को आयाम दिया और एक से बढ़कर एक गीतों को सुर में ढालने का हुनर सीखा।इस तरह प्रथम दिवस बच्चों ने काफी उत्साह और उमंग के साथ अपनी रचनात्मकता को आयाम दिया।छोटे बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। कल से बच्चें और भी विभिन्न कलाओं को सीखेंगे जिनमें बिना आग के खाना पकाना , कबाड़ से जुगाड़ आर्ट, क्राफ्ट और कैलीग्राफी , मूर्तिकला और सुंदर लिखावट ,संगीत और गणित में गायन-वादन के साथ-साथ गणित की पहेलियों को हल करना आदि। कार्यक्रम के नियमानुसार इस सम्पूर्ण आयोजन में सुरक्षा और अनुशासन के लिहाज से बच्चों के साथ माता-पिता की उपस्थिति अनिवार्य है। कैंप के अंतिम दिन सभी विधाओं में एक भव्य समापन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।इस अवसर पर समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओ का सराहनीय योगदान देखने को मिला।