केसीपीएस कुरूद में विश्व पृथ्वी दिवस पर दिया गया जागरूकता का संदेश
कुरूद. कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल कुरूद में बुधवार को पृथ्वी दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस अवसर पर विभागीय आदेश अनुसार विद्यालय परिवार के समस्त सदस्यों ने पृथ्वी में बढ़ रहे प्रदूषण से बचाव करने , पेड़-पौधों की सुरक्षा बनाए रखने और जल का संरक्षण करने शपथ ली।इसके उपरांत विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में पौधरोपण किया गया और पर्यावरण की शुद्धता बनाए रखने का संदेश दिया गया।प्राचार्य के मंजीता ठाकुर ने बताया कि भारत सरकार का पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय मौसम, जलवायु, महासागरों और प्राकृतिक आपदाओं के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देता है, साथ ही विभिन्न शैक्षिक पहलों और आउटरीच अभियानों के माध्यम से छात्रों की भागीदारी को प्रोत्साहित करता है।हर साल 22 अप्रैल को मनाया जाने वाला पृथ्वी दिवस पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक वैश्विक आयोजन है। पृथ्वी दिवस 2026 का विषय, "हमारी शक्ति, हमारा ग्रह", जलवायु परिवर्तन को बढ़ावा देने और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा की ओर संक्रमण को गति देने में समुदायों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल देता है। यह अभियान विद्युत ऊर्जा और प्राकृतिक संसाधनों की बर्बादी को रोकने, हरित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण अभियानों पर भी केंद्रित है। अतः हम सभी को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए यह संकल्प लेना होगा कि हम पृथ्वी की सुरक्षा और इसके वातावरण को बेहतर बनाए रखने में अपना सर्वस्व योगदान देंगे। बुधवार को हुए इस कार्यक्रम में पृथ्वी दिवस की प्रतिज्ञा का पालन करवाया गया, ताकि छात्रों में जागरूकता बढ़ाई जा सके और उन्हें सतत जीवन शैली और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित किया जा सके। इस दौरान सभी शिक्षक-शिक्षिकाए सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों की सहभागिता रही।