कुरूद में कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ,उमड़ी आस्था
मुकेश कश्यप
कुरूद . नगर पालिका कुरूद वार्ड क्रमांक सात स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर के पास माँ चंडी की असीम कृपा से नर्मदेश्वर सेवा समिति वृंदावन सरोवर कुरूद के सहयोग से श्रीमद् भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन 1 अप्रैल से 9 अप्रैल तक समय प्रतिदिन दोप. 03 बजे से प्रभु इच्छा तक किया जा रहा है। प्रथम दिवस बुधवार को नगर की आराध्य देवी मां चंडी के दरबार से विधिवत पूजा अर्चना उपरांत भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे नगर में भक्तिमय माहौल रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में मातृशक्तियां पीले वस्त्र में सिर पर कलश धारण किए हुए थीं। भक्ति गीतों से सुसज्जित यह यात्रा चंडी मंदिर से कथा स्थल तक पहुंची। जहां वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बीच कथा का विधिवत शुभारंभ किया गया। यात्रा के दौरान राधे राधे ,हरि बोल और जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।इसके उपरांत व्यास पीठ पर विराजमान पं. श्री नागेश्वर प्रसाद दुबे जी ने विधिवत पूजा अर्चना और स्थापना कार्य संपन्न कर प्रथम दिवस की कथा का शुभारंभ किया। उन्होंने अपने श्री मुख से भागवत महात्म्य की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्ग है। उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, कर्म और भक्ति के महत्व को सरल और प्रभावी शैली में समझाया।पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति दर्ज की गई, जो इस आयोजन के प्रति क्षेत्र में उत्साह को दर्शाता है।कथा के दूसरे दिवस 2 अप्रैल गुरुवार को परिक्षित जन्म, शुकदेव जी द्वारा कथा प्रारंभ, 3 को सति चरित्र, ध्रुव चरित्र, पृथु चरित्र, 4 को भरत चरित्र, अजामिलोपाख्यान , प्रहलाद चरित्र, 5 को गजेंद्र मोक्ष, वामन चरित्र , श्री राम अवतार, श्री कृष्ण अवतार, 6 को श्री कृष्ण बाल लीला, गोवर्धन पूजा, रुखमणी विवाह , 7 को भगवान का अन्य विवाह, सुदामा चरित्र,8 को यदुकुल को श्राप, परिक्षित मोक्ष, तुलसी वर्षा, शोभायात्रा, 9 को गीता पाठ, यज्ञ -हवन, पूर्णाहुति, कथा विश्राम का आयोजन होगा।प्रथम दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय भक्तगण उपस्थित रहे।
मुकेश कश्यप की रिपोर्ट

.jpg)




.jpg)
