लखनऊ विश्वविद्यालय में लाल बारादरी विवाद पर छात्रों का हंगामा, नमाज़ के दौरान बना मानव-घेरा

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब लाल बारादरी के दरवाज़े बंद किए जाने के विरोध में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। विरोध में समाजवादी छात्र सभा, NSUI और AISA से जुड़े छात्र शामिल रहे।

प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। लाल बारादरी की ओर प्रशासन द्वारा लगाई गई बैरिकेडिंग को छात्रों ने गिरा दिया और नारेबाज़ी करते हुए भवन के पास पहुँच गए। इसी बीच कुछ छात्र वहीं नमाज़ पढ़ने लगे।

नमाज़ अदा कर रहे छात्रों की सुरक्षा के लिए अन्य छात्रों ने मानव-श्रृंखला बनाकर उन्हें घेर लिया। नमाज़ पूरी होने के बाद यह घेरा हट गया।

प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने बिना पूर्व सूचना दिए मस्जिद के दरवाज़े को सील कर उसके सामने दीवार खड़ी कर दी थी। छात्रों ने पहले निर्माणाधीन दीवार को गिराया और फिर सील किए गए दरवाज़े को खोलने की मांग पर प्रदर्शन तेज कर दिया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।  

स्वाति वर्मा(लखनऊ)