कुरूद में महाशिवरात्रि पर्व पर भोले बाबा की निकली भव्य शोभायात्रा , उमड़ी आस्था

कुरूद में महाशिवरात्रि पर्व पर भोले बाबा की निकली भव्य शोभायात्रा , उमड़ी आस्था

मुकेश कश्यप की रिपोर्ट 

कुरूद. देवो के देव महादेव के पावन उत्सव महाशिवरात्रि का पर्व आज कुरूद नगर में बहुत धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। जलेश्वर महादेव  परिवार द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई ,जो कि चंडी मंदिर से होते हुए पुराना बाजार चौक , सरोजनी चौक ,कारगिल चौक से होते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान धूमाल की मधुर थाप पर नाचते गाते भक्तो ने आस्था प्रकट की । आकर्षक लाइट डेकोरेशन ने सबका ध्यान खींचा। इस दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य जन और नगरवासी शामिल हुए।

        आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सुबह से ही कुरूद के सभी शिव मंदिरों में भोले बाबा के भजनों की मधुर ध्वनि के साथ वातावरण में पर्व की महक उमड़ गई।इस दौरान  आमजनमानस दर्शन के लिए उमड़े और सभी स्थानों पर विशेष पूजा अर्चना और प्रसादी का क्रम जारी रहा। महादेव जी के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति के साथ लोगों ने अपनी आस्था प्रकट की।इस दौरान विशेष पूजा अर्चना कर आदि देव महादेव जी के सम्मुख परिवार और आमजनों की खुशहाली की अर्जी लगाई गई।            

      महाशिवरात्रि का दिन हिंदू धर्म के प्रमुख धार्मिक दिनों में से एक है। इस दिन भगवान शिव के भक्त व्रत रखते हैं और विधि-विधान से शिव जी की पूजा करते हैं। शिव पूजन के साथ ही महाशिवरात्रि के दिन को आध्यात्मिक जागृति का दिन भी कहा जाता है। इस दिन योग-ध्यान करने से मानसिक सुख की प्राप्त होती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार फाल्गुन महा के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को शिव-शक्ति एक हुए थे यानि भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इसलिए महाशिवरात्रि के पर्व को धूमधाम से मनाया जाता है। वहीं कुछ मान्यताओं के अनुसार महाशिवरात्रि के दिन पर ही भगवान शिव ने समुद्र मंथन से निकले विष का पान किया था और संसार की रक्षा की थी इसलिए भी महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। कुछ धार्मिक ग्रंथों में इस दिन पर शिवलिंग की उत्पत्ति की बात भी बताई गई है।

                       मुकेश कश्यप की रिपोर्ट