खिसोरा ग्राम के वीर जवानों का हुआ सम्मान
मुकेश कश्यप की रिपोर्ट
कुरूद. धमतरी जिले के खिसोरा ग्राम ने, जहाँ आजादी की लड़ाई के दौरान आधे दर्जन वीर सुराजी सिपाही दिए, अब उसी गाँव के लाल केवेन्द्र साहू, रोशन कश्यप और चंद्रशेखर देश की सीमाओं पर अभेद दीवार बनकर देश की रक्षा करेंगे। देश के बहुप्रतिष्ठित सैन्य बल सीआरपीएफ में खिसोरा के इन युवाओं का चयन कोई साधारण बात नहीं है, बल्कि इन युवाओं की मेहनत और मजबूत इरादों का प्रतिफल है। गाँव के खेत की पगडंडियों से चलकर राजधानी दिल्ली की पैरामिलिट्री फोर्स तक का सफर तय करना हर किसी के बस की बात नहीं है, यह तो केवल देश प्रेम से सने, जज्बाती और फौलादी व्यक्तित्व के युवाओं के लिए ही संभव है।मातृभूमि अधिकारी कर्मचारी संगठन खिसोरा के तत्वावधान में देशप्रेम से सराबोर सैनिक सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन चौदह फरवरी को गाँव के हृदय स्थल गांधी चौंक में किया गया, अवसर था सेना से प्रशिक्षण प्राप्त करके लौटे युवा नौजवान केवेन्द्र साहू एवं नवचयनित जवान रोशन कश्यप एवं चंद्रशेखर नागरची के अभिनंदन समारोह का। इन वीर जवानों के अभिनंदन में विशाल जन सैलाब उमड़ पड़ा, और आकाश "भारत माता की जय" और "जय जवान जय किसान" के नारों से गूंजायमान हो रहा था।उदबोधन सत्र में प्रेरक उदबोधन देते हुए अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष के.पी. साहू ने कहा कि - "यह सम्मान केवल मंच पर आसीन भूतपूर्व और नवचयनित सैनिकों का सम्मान नहीं है, बल्कि यह देश के उन तमाम सैनिकों का सम्मान है जो देश की सीमा पर रात-दिन, सर्दी, गर्मी और बरसात में भी डटे हुए हैं और देश की सेवा का महान कार्य कर रहे हैं।" सूबेदार टी.के. साहू ने कहा कि आज का दिन पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की शहादत को याद करने का दिन है, सच्ची मोहब्बत वही है जो वतन से की जाए।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सरपंच श्रीमती राखी साहू ने गाँव के युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि आज नशे की समस्या गाँव के युवाओं की प्रमुख समस्या है। उन्होंने युवाओं से नशे की गिरफ्त से बाहर निकलने और देश की ढाल बनने हेतु आग्रह किया।उदबोधन उपरांत सैनिक सम्मान समारोह के अंतर्गत समस्त मंचासीन सैनिकों को अधिकारी कर्मचारी संगठन के द्वारा स्मृतिचिन्ह एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक हरिशंकर पटेल ने किया। आभार प्रदर्शन अधिकारी कर्मचारी संगठन खिसोरा के अध्यक्ष उत्तम कुमार साहू ने किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य रूपेंद्र साहू, लक्षण लाल साहू, चमनलाल ध्रुव, केबी राम सिन्हा सहित अधिकारी कर्मचारी संगठन के सदस्यगण , गाँव के जनप्रतिनिधि , गणमान्य नागरिक और ग्रामीणजन उपस्थित थे।
.jpg)
