धमतरी। जिले के कुरूद विकासखंड ग्राम बगदेही(डाही) में भक्ति और संस्कृति का अनूठा संगम 4 साल बाद देखने को मिलेगा। यहाँ 13 से 15 फरवरी तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय मानस गान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में प्रदेश भर की ख्याति प्राप्त मानस मंडलियां अपनी प्रस्तुति देंगी। इस आयोजन का मुख्य ध्येय रामायण के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना और छत्तीसगढ़ की समृद्ध मानस गायन परंपरा को सहेजना है। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से चुनिंदा मंडलियां हिस्सा लेंगी, जो रामचरितमानस के विभिन्न प्रसंगों का सस्वर गान और व्याख्या करेंगी। जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मानस मंडलियों को आयोजन समिति द्वारा नगद राशि, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान हारमोनियम, तबला और मंजीरा की जुगलबंदी के साथ चौपाइयों की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय रहेगा। वहीं आयोजक समिति एवं ग्रामीणों द्वारा इस आयोजन की व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोजन समिति ने धर्मप्रेमियों और मानस प्रेमियों से इस त्रि-दिवसीय आध्यात्मिक समागम में उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है।
