धमतरी। शहर के रुद्री रोड स्थित सीजी-05 लॉज एंड रेस्टोरेंट में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कवर्धा जिले की पिंकी मानिकपुरी के रूप में बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक युवती 24 सितंबर से लॉज के एक कमरे में ठहरी हुई थी। शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे उसे आखिरी बार लॉज कर्मचारियों ने देखा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय उसके लिए कुछ सामान लेकर लॉज पहुंचा था।
शनिवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। कर्मचारियों को संदेह हुआ तो उन्होंने पास की खिड़की से कमरे के भीतर देखा, जहां युवती संदिग्ध हालत में पड़ी दिखाई दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे की जांच शुरू की।
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। आत्महत्या की स्थिति में भी इसके पीछे की वजह क्या रही, यह फिलहाल जांच का विषय है।
पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस युवती के लॉज में ठहरने, आखिरी बार उसे देखने वाले लोगों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


