धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत सुभाष नगर वार्ड और लालबगीचा वार्ड के दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों को एक साथ जोड़कर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में नगर निगम एल्डरमैन श्रीमती रितिका यादव की प्रमुख भूमिका रही।
कार्यक्रम में दोनों वार्डों की पार्षद हिमानी साहू, पूर्णिमा देवांगन एवं सीमा चौबे अतिथि के रूप में शामिल हुईं। आयोजन के दौरान महिलाओं एवं प्रतिभागियों के लिए मेहंदी, रंगोली और व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों का सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर निगम एल्डरमैन श्रीमती रितिका यादव ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए सेवा, सहभागिता और सामाजिक जागरूकता के महत्व पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी श्रीमती उषा किरण चंद्राकर सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभागीय गतिविधियों तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी उपस्थित लोगों को दी गई।
आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, मितानिनों, महिलाओं, बच्चों एवं वार्डवासियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाना, विभागीय गतिविधियों की जानकारी देना तथा सेवा और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।
