मासूम के लापता होने से आक्रोश, नेशनल हाईवे पर चक्काजाम

धमतरी। सोरिद-बागतराई मार्ग पर उफनते नाले में 7 वर्षीय मासूम के गिरने और लापता होने की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बच्चे की तलाश के लिए पुलिस, गोताखोर और दमकल टीम रेस्क्यू अभियान में जुटी रही। घटना से आक्रोशित लोगों ने बच्चे की जल्द तलाश और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। वहीं रेस्क्यू टीम ने नाले के तेज बहाव के बीच बच्चे की तलाश शुरू की। बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज बताया जा रहा है, जिससे बचाव अभियान में भी चुनौती बनी हुई है।

गौरतलब है कि सोरिद-बागतराई मार्ग की खराब हालत को लेकर हाल ही में भी स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई थी। रिपोर्टों के अनुसार बारिश के बाद सड़क पर गड्ढों और जलभराव से आवागमन जोखिम भरा हो गया है।