बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर कुरूद में हलषष्ठी पर हुआ भव्य आयोजन, उमड़ी आस्था

बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर कुरूद में हलषष्ठी पर हुआ भव्य आयोजन, उमड़ी आस्था


कुरूद.  नगर के प्रतिष्ठित श्री बैद्यनाथ मंदिर परिसर में हलषष्ठी (कमरछठ) का पावन पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।इस दौरान आस्था और श्रद्धा का अनूठा सैलाब देखने को मिला।आयोजन में विशेष रूप से उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भानु चंद्राकर ने मातृशक्तियों के साथ मिलकर भगवान शिव, माता पार्वती और हलषष्ठी माता की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने परंपरागत रूप से पसहर चावल, छह प्रकार की भाजी और महुआ के पत्तों का उपयोग कर संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की।इस अवसर पर नगरवासियों को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने पर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "हलषष्ठी का व्रत माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और उज्ज्वल भविष्य के लिए रखती हैं। यह पर्व हमारी सनातन संस्कृति में मातृशक्ति के त्याग और समर्पण का प्रतीक है।" उन्होंने सभी नगरवासियों को हलषष्ठी पर्व की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं।धार्मिक भजनों और जयकारों से पूरा बैद्यनाथ मंदिर परिसर गूंज उठा।महिलाओं ने सामूहिक रूप से हलषष्ठी माता की कथा सुनी और एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, वार्ड वासी और बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु उपस्थित रहीं।