कुरूद में धूमधाम से पधारे बप्पा, स्वागत पर उमड़ा उल्लास, विभिन्न लोक संस्कृतियों की हुई मनभावन प्रस्तुति , क्रेन में सजकर निकले बप्पा बने आकर्षण का केंद्र
मुकेश कश्यप की रिपोर्ट
कुरूद. सोमवार दोपहर से देर रात्रि तक कुरूद नगर के विभिन्न पंडालों में प्रथम पूज्य श्री गणेश जी के आगमन का सिलसिला प्रारंभ हुआ। इस दौरान गणेश उत्सव समितियों द्वारा धूमधाम से बप्पा की स्वागत शोभायात्रा का आगाज हुआ। इस अवसर पर आकर्षक प्रतिमाएं अपने मनभावन रूप से पधारते हुए सबका मन मोहने लगी।धूमाल की मधुर थाप और डीजे की मनभावन ध्वनि पर नाचते-गाते भक्तों ने बप्पा मोरिया रे की गूंज के साथ मंगलमूर्ति के स्वागत को यादगार बना दिया। इस बीच श्री राधा कृष्ण मित्र मंडल समिति द्वारा श्री गणेश जी के छोटे रूप को सजाकर एक नए अंदाज में स्वागत किया वहीं उनकी बड़ी मूर्ति को क्रेन में सजाकर से नगर भ्रमण कराकर सभी का ध्यान खींचा। सभी इसकी एक झलक पाने बेताब रहे।इसी क्रम में थाना चौक कुरूद द्वारा भगवान श्री गणेश की दिव्य झांकी रूपी आकर्षक प्रतिमा के साथ स्वागत किया गया।अखाड़ा दल की हैरतंगेज प्रस्तुति ने सबका दिल जीता। इसी तरह कारगिल चौक गणेश उत्सव समिति द्वारा छत्तीसगढ़ के लोक पारंपरिक नृत्यों और लोक संस्कृति के माध्यम से विघ्नहर्ता का भव्य स्वागत किया गया।इसी के साथ संजय नगर , डिपो रोड़, गांधी चौक ,पचरीपारा , सरोजनी चौक , हुतात्मा चौक , पुराना बाजार, थाना चौक , नया बाजार चौक , कचहरी चौक , इंदिरा नगर ,ब्राह्मण पारा , दानीपारा , डबरापारा , यादगार समिति सहित विभिन्न गणेश उत्सव समितियों द्वारा श्री गजानन स्वामी का भव्य स्वागत कर विधिवत उनकी स्थापना की गई।स्वागत के दौरान नगर में उल्लास मय वातावरण बना रहा। सभी वर्गो द्वारा बप्पा का स्वागत किया गया और जनकल्याण की अर्जी लगाते हुए गजानन स्वामी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की गई।
मुकेश कश्यप की रिपोर्ट

