कांकेर: अंतागढ़ बालिका विद्यालय में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस

अंतागढ़- कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अंतागढ़ में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं तथा शिक्षकों का सम्मान किया।

इस अवसर पर भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शिक्षिकाओं ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन, शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान एवं गुरु के महत्व पर प्रकाश डाला।

शिक्षिका लता सेन ने शिक्षक शब्द का अर्थ समझाया, जबकि विद्या गवर्नी ने छात्राओं को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। गिरिजा पटेल ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया, और कमल नेताम ने उच्च पदों पर पहुंचने के लिए मेहनत की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में छात्राओं ने शिक्षकों के सम्मान में पुष्पगुच्छ एवं उपहार भेंट किए। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं की सहभागिता रही।