केसीपीएस कुरूद में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

केसीपीएस कुरूद में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस

कुरूद. कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल कुरूद में सभी विद्यार्थियों द्वारा शिक्षक दिवस का पावन पर्व बेहद हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों के प्रति आदर और कृतज्ञता प्रकट की।
    कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञानदायनी मां सरस्वती और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी की पूजा अर्चना से हुई। बच्चों ने शिक्षकों का रूप धारण कर कक्षाएं ली और पूजा वंदना को संपन्न किया।इसके उपरांत शिक्षकों के सम्मान का आगाज हुआ l जहाँ सभी शिक्षकों को बारी-बारी से रैंप वॉक करवा कर मुख्य मंच तक लाया गया। मंच पर उनका भव्य स्वागत और सम्मान करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में विशेष उपहार भेंट किए गए।
    इस दौरान स्कूली बच्चों द्वारा एक से बढ़कर एक मनभावन नृत्य और नाटकों की प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत 'राजस्थानी नाटक' विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया। इसके अलावा शिक्षकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के मज़ेदार खेलों (गेम्स) का भी आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
     इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा पिछले एक साल से बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों के साथ-साथ विद्यालय के नॉन-टीचिंग स्टाफ का भी विशेष रूप से सम्मान विद्यालय प्रबंधन समिति प्रबंधक विश्वनाथ चंद्राकर, उपप्रबंधक योगेश चंद्राकर, प्राचार्य के मंजीता ठाकुर के करकमलों से संपन्न हुआ। 
    विद्यालय की प्राचार्य के. मंजीता ठाकुर ने सभी को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए इस दिन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सभी शिक्षकों की कड़ी मेहनत और लगन ही इस विद्यालय की असली ताकत है। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों की ओर से इस शानदार और सफल आयोजन के लिए बच्चों का सहृदय आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के अंतिम चरण में सभी शिक्षकों ने मिलकर केक काटकर खुशियां बांटते हुए इस पल को हमेशा के लिए यादगार बना दिया। इस दौरान सभी बच्चे और विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।