मगरलोड पुलिस की लगातार कार्रवाई से 5 आरोपियों पर शिकंजा, पहले ही 3 आरोपी जा चुके हैं जेल
धमतरी/मगरलोड। खुद को बजरंग दल का सदस्य और पुलिसकर्मी बताकर लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अपहरण और लूटपाट करने के मामले में मगरलोड पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मार्च 2026 में सामने आए इस मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों विकास आडिल और साहिल अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, 3 मार्च 2026 को देवेन्द्र कुमार मारकण्डे निवासी छाती, थाना कुरुद, अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन से बछड़ों को लेकर मुड़केरा जा रहे थे। इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया
आरोपियों ने कथित तौर पर खुद को “बजरंग दल एवं पुलिस वाला” बताते हुए प्रार्थी और उसके साथियों को डराया-धमकाया। इसके बाद गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रार्थी को अपने साथ ले जाकर रास्ते में उससे 13,800 रुपये नकद लिए और PhonePe के माध्यम से 30,000 रुपये जबरन ट्रांसफर करवाए इस तरह कुल 43,800 रुपये की लूट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई
पहले 3 आरोपी गिरफ्तार, 7.58 लाख की संपत्ति जब्त
मामले में मगरलोड पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों ओमकार कुर्रे, चांद कुर्रे और राहुल कुर्रे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मारुति स्विफ्ट कार, दो मोबाइल फोन और लूटी गई रकम में से शेष नकदी बरामद की गई थी। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 7 लाख 58 हजार रुपये बताई गई है।
लंबे समय से फरार थे विकास और साहिल
घटना के बाद आरोपी विकास आडिल और साहिल अली फरार चल रहे थे। पुलिस लगातार दोनों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मगरलोड पुलिस ने दोनों की घेराबंदी कर उन्हें अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर लूट की रकम में बंटवारे के रूप में मिली बची हुई नकदी भी बरामद कर जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है
दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार, मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने के बाद विकास आडिल और साहिल अली को अपराध क्रमांक 40/2026 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया। दोनों को प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया
मगरलोड पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान जारी है
विज्ञापन

