कुलेश्वर धाम से रुद्रेश्वर महादेव तक गूंजी भोलेनाथ की जयकार, जालमपुर के युवाओं ने निकाली भव्य डाक कांवड़ यात्रा

 


संजय देवांगन //सावन के अंतिम सोमवार पर युवाओं ने पेश की भक्ति और एकता की मिसाल, पार्षद संजय देवांगन ने पुष्पमाला से किया कांवड़ियों का स्वागत

धमतरी। सावन के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर जालमपुर के युवाओं ने भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक आस्था की अनूठी मिसाल पेश करते हुए कुलेश्वर धाम राजिम से रुद्रेश्वर महादेव मंदिर रुद्री तक डाक कांवड़ यात्रा निकाली। एकतामंच दुर्गा उत्सव समिति से जुड़े युवाओं द्वारा आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवा श्रद्धालु उत्साह और उमंग के साथ शामिल हुए।

यात्रा की शुरुआत कुलेश्वर धाम राजिम में भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद हुई। इसके पश्चात युवा कांवड़िए पैदल दौड़ते हुए अपनी कांवड़ लेकर रुद्रेश्वर महादेव रुद्री के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव, बोल बम और जय भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

डाक कांवड़ यात्रा के जालमपुर पहुंचने पर जालमपुर वार्ड के पार्षद संजय देवांगन ने युवा कांवड़ियों का वंदन-प्रणाम करते हुए पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। पार्षद द्वारा सभी कांवड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा उनकी धार्मिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर पार्षद संजय देवांगन ने कहा कि सावन के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर जालमपुर के युवाओं ने जिस तरह श्रद्धा, भक्ति और एकता के साथ डाक कांवड़ यात्रा निकाली है, वह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। युवाओं में धर्म और संस्कृति के प्रति बढ़ता उत्साह समाज में सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसी धार्मिक यात्राएं लोगों को आपस में जोड़ने के साथ-साथ हमारी परंपराओं और संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य करती हैं।

उन्होंने सभी युवा कांवड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी युवाओं की मनोकामना पूर्ण करें और उनके जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली प्रदान करें।

डाक कांवड़ यात्रा में शामिल युवाओं में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए पूरे भक्तिभाव के साथ अपनी यात्रा पूरी की। सावन के अंतिम सोमवार पर आयोजित इस धार्मिक यात्रा ने जालमपुर सहित आसपास के क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना दिया। युवाओं की इस पहल की वार्डवासियों और श्रद्धालुओं ने सराहना की।