केसीपीएस कुरूद में भव्य गणित एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन,बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच

केसीपीएस कुरूद में भव्य गणित एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन,बच्चों की प्रतिभा को मिला मंच 

कुरूद. कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल, कुरूद में 'गणित एवं विज्ञान विभाग' द्वारा एक दिवसीय भव्य 'मैथ्स एंड साइंस एग्जीबिशन' (गणित एवं विज्ञान प्रदर्शनी) का सफल आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खोजी प्रवृत्ति, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तार्किक क्षमता का विकास करना था।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन और प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने "एक्सप्लोर, एक्सपेरिमेंट, एक्सेल" के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए एक से बढ़कर एक अनूठे और व्यावहारिक मॉडल प्रस्तुत किए।विद्यालय के प्रबंधक विश्वनाथ चंद्राकर, योगेश चंद्राकर, प्राचार्य के मंजीता ठाकुर ने बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडल की जमकर तारीफ की और उनकी मेहनत को सराहा। प्रदर्शनी में विज्ञान खंड के अंतर्गत विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल संचयन और आधुनिक रोबोटिक्स से जुड़े कई वर्किंग मॉडल प्रदर्शित किए। वहीं गणित खंड में ज्यामिति, त्रिकोणमिति और विभिन्न गणितीय सूत्रों को आसान तरीकों से समझने के लिए आकर्षक खेल और पहेलियों पर आधारित प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए गए।इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में पालकों, शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिकों ने हिस्सा लिया। आगंतुकों ने बच्चों के रचनात्मक विचारों और "यंग माइंड्स, बिग आइडियाज, ब्राइट फ्यूचर" की सोच की भूरी-भूरी प्रशंसा की। स्कूल प्रबंधन ने इस सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर समस्त शिक्षक- शिक्षिकाओं की सहभागिता रही।