केसीपीएस कुरूद में उत्साहपूर्वक मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

केसीपीएस कुरूद में उत्साहपूर्वक मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

कुरूद . कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल कुरूद में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन गरिमापूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र का पूजन-वंदन कर और ध्वजारोहण कर खेल उत्सव का शुभारंभ किया गया।प्राचार्या के. मंजीता ठाकुर ने अपने संबोधन में खेल दिवस की विस्तार से व्याख्या की और सभी शिक्षकों व छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने बच्चों को खेल को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।खेल शिक्षक डागेश्वर निषाद ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं, बल्कि यह हमें अनुशासन और टीम भावना भी सिखाते हैं।इसके उपरांत बारिश के चलते मैदानी खेलों (आउटडोर गेम्स) का आयोजन संभव नहीं हो सका। इसके बावजूद बच्चों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। स्कूल प्रबंधन द्वारा आउटडोर गेम्स के स्थान पर तत्काल इंडोर गेम्स की व्यवस्था की गई। इसके अंतर्गत शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें सभी बच्चों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लिया और अपनी दिमागी सूझबूझ का प्रदर्शन किया।इस कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल शिक्षक डागेश्वर निषाद ,नंदनी दीवान सहित शिक्षक स्टॉफ का सराहनीय योगदान रहा।