केसीपीएस कुरूद में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

केसीपीएस कुरूद में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन पर्व 


कुरूद. कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल कुरूद में रक्षाबंधन का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और अनूठे अंदाज में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने न केवल पारंपरिक रूप से बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाते हुए रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया।रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन में स्कूली बच्चों ने एक बेहद सराहनीय पहल की। बच्चे रोजाना जिस रूट की बसों और वाहनों से स्कूल आते हैं, उन्होंने उस रूट के अपने ड्राइवर भाइयों को कलाई पर राखी बांधी। बच्चों ने प्रतिदिन उन्हें सुरक्षित सफर कराने वाले इन ड्राइवर भाइयों की लंबी उम्र और अच्छी सेहत की कामना की। राखी बंधवाकर ड्राइवर भाई भी भावुक नजर आए और उन्होंने बच्चों को हमेशा सुरक्षित रखने का वचन दिया। इसी तरह बच्चों ने स्कूल के चौकीदार भाईयो,भृत्यों आदि को भी राखी बांधकर पर्व की मोहकता में चार चांद लगा दिया।स्कूली बच्चों ने प्रकृति के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विद्यालय परिसर में मौजूद विभिन्न प्रजातियों के पेड़-पौधों को रक्षासूत्र (राखी) बांधा। इस अनूठी पहल के माध्यम से बच्चों ने पर्यावरण को बचाने और पेड़ों की रक्षा करने का संकल्प लिया।इसके साथ ही स्कूल के प्राथमिक विभाग के छोटे-छोटे छात्र-छात्राओं के बीच भी रक्षाबंधन का पारंपरिक उत्सव देखा गया। नन्हीं-मुन्हीं छात्राओं ने अपने सहपाठियों (छात्रों) के तिलक लगाकर उनकी कलाई पर रंग-बिरंगी राखियां बांधी और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया।प्राचार्य के. मंजीता ठाकुर ने सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षक शिक्षिकाओं और स्टाफ को रक्षाबंधन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर उस व्यक्ति और तत्व के प्रति सम्मान और रक्षा का संकल्प है जो हमारी परवाह करते हैं। ड्राइवरों और पेड़ों को राखी बांधकर बच्चों ने समाज को एक बेहतरीन संदेश दिया है।