अमृतेश्वर महादेव मंदिर कुरूद में केसीपीएस कुरूद के बच्चों ने संगीत और नृत्य से वातावरण को किया शिवमय
कुरूद. सावन के पवित्र पावन महीने और नागपंचमी के शुभ अवसर पर स्थानीय अमृतेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार को एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कलीराम चंद्राकर पब्लिक कुरूद के छात्र-छात्राओं ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को शिवमय कर दिया।कार्यक्रम के दौरान स्कूल के बच्चों ने म्यूजिक शिक्षक मनोज सर के मार्गदर्शन में भगवान शिव को समर्पित कई भक्ति गीतों और भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही, पारंपरिक और शास्त्रीय नृत्यों के माध्यम से बच्चों ने शिव-तांडव और सावन की महिमा को रंगमंच पर जीवंत कर दिया। मंदिर परिसर में मौजूद सभी श्रद्धालु बच्चों की इस प्रतिभा और भक्ति भाव को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए। पूरा परिसर 'हर-हर महादेव' और 'जय शिव शंभू' के जयकारों से गूंज उठा।विद्यालय की नन्ही बेटियों ने शिव जी को समर्पित मनभावन नृत्य से शिव जी की महिमा का वर्णन किया, जिसकी काफी सराहना हुई।इसी तरह विद्यालय की नृत्य शिक्षिका लिशा राजपूत ने शिव तांडव की बेहतरीन प्रस्तुति देकर सबका दिल जीत लिया।इस सफल आयोजन पर प्राचार्या श्रीमती के. मंजीता ठाकुर ने बच्चों की जमकर सराहना की। उन्होंने सभी को सावन महोत्सव तथा नागपंचमी की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं।इस तरह के आयोजनों से बच्चों में हमारी संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों के प्रति सम्मान और गहरी रुचि पैदा होती है।उन्होंने मंदिर समिति से जुड़े सौरभ चंद्राकर को इस कार्यक्रम के लिए मौका देने पर आभार जताया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, मंदिर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
