केसीपीएस कुरुद में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, देशप्रेम के रंग में रंगा विद्यालय
कुरुद. कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल कुरुद में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व बेहद हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंधक योगेश चंद्राकर और संस्था की प्राचार्य श्रीमती के. मंजीता ठाकुर थी। कार्यक्रम की शुरुआत मार्च पास्ट के साथ अतिथियों के भव्य स्वागत से हुई। भारत माता व महान स्वतंत्रता सेनानियों की पूजा और सरस्वती वंदना के साथ सांस्कृतिक मंच का आगाज हुआ। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान संपन्न हुआ। प्राचार्य के मंजीता ठाकुर ने सभी को पर्व की बधाई देते हुए इसके महत्व का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि यह त्यौहार हमे देश के प्रति प्रेम और बलिदान देने की बात की प्रेरणा देता है।हमें अपनी जिम्मेदारी का अहसास कराता है। इस अवसर पर स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक ने रंगारंग और प्रेरणादायक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्री-प्राइमरी और कक्षा पहली-दूसरी के बच्चों ने 'फैंसी ड्रेस' प्रतियोगिता में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। यूकेजी के बच्चों ने 'हरेली पर डांस' और कक्षा तीसरी व आठवीं के बच्चों ने छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को दर्शाते हुए 'हरेली गीत व नृत्य' की शानदार प्रस्तुति दी।वहीं कक्षा तीसरी, आठवीं और ग्यारहवीं के विद्यार्थियों ने 'गंगा बचाओ' डांस एक्ट के जरिए पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।कक्षा सातवीं और आठवीं के छात्रों ने 'आजादी की कहानी' नाटक के माध्यम से देश के वीरों की शहादत को याद किया। समारोह के अंतिम चरण में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए स्मृति चिह्न और प्रशस्त्रि पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के उपरांत राजगीत के साथ हुआ।इस अवसर पर समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही।
