कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया ‘ग्रीन डे’, नन्हे बच्चों ने बिखेरी पारंपरिक छटा
कुरूद. कलीराम चंद्राकर पब्लिक स्कूल में पर्यावरण संरक्षण और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोक पर्व हरेली के उपलक्ष्य में ‘ग्रीन डे’ (हरा दिवस) का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर हरे रंग के परिधानों और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की थीम पर सजा नजर आया। इस अवसर पर प्री प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चे हरी-भरी सब्जियों, पेड़-पौधों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले आकर्षक फैंसी ड्रेस में सजकर स्कूल पहुंचे। छोटे बच्चों द्वारा छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। बच्चों के पारंपरिक गीतों और नृत्य ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। छत्तीसगढ़ के प्रथम त्योहार ‘हरेली’ को ध्यान में रखते हुए पूरे परिसर को हरियाली से बेहद खूबसूरती से सजाया गया था। प्राचार्या के. मंजीता ठाकुर ने बच्चों और पालकों को हरेली व ग्रीन डे की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि बच्चों को बचपन से ही प्रकृति से जोड़ना और अपनी लोक संस्कृति का ज्ञान देना बेहद जरूरी है। पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित होगा।इस आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित सभी छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।
