TOP BHARAT NEWS DHAMTARI
धमतरी में माँ दंतेश्वरी हाईस्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वाँ स्वतंत्रता दिवस, लायंस क्लब फ्रेंड्स के सदस्य रहे उपस्थित..
धमतरी-माँ दंतेश्वरी हाईस्कूल, रत्नाबांधा (धमतरी) में 15 अगस्त के पावन अवसर पर 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत गरिमामय, उल्लासपूर्ण एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं शाला परिवार द्वारा भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी एवं विद्या की देवी माता सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के जयकारों से गुंजायमान हो उठा
इस गरिमापूर्ण समारोह में लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स के पदाधिकारियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों की विशेष मौजूदगी रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता लायंस क्लब धमतरी फ्रेंड्स की अध्यक्ष शकुंतला साहू ने की। कार्यक्रम में सचिव ज्योति लूनिया, विशिष्ट अतिथि मुरली अंदानी, अतिथि कंचन अंदानी, सदस्य कामिनी कौशिक, विजय अग्रवाल, राजकुमार वर्धियानी तथा पूर्व जॉन चेयर पर्सन एम.जे.एफ लायन मनोज कुमार सोनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत शाला परिवार की ओर से आत्मीयतापूर्वक किया गया।
समारोह के मुख्य आकर्षण संस्था के नन्हे-मुन्ने और स्कूली बच्चे रहे, जिन्होंने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। नन्हे बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए ओजस्वी भाषण दिए और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सुंदर कविताओं का पाठ किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, देश भक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य एवं विविध प्रकार की सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। बच्चों की इन सुंदर प्रस्तुतियों ने दर्शकों को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं, वह हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों के अनगिनत बलिदानों का परिणाम है। हमें अपने देश के प्रति निष्ठा, अनुशासन और शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। अतिथियों ने शाला के शैक्षणिक वातावरण और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
समारोह के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा प्रोत्साहित किया गया तथा सभी विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम में शाला के शिक्षक-शिक्षिकाएँ, कर्मचारी, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करते रहे। संपूर्ण कार्यक्रम सौहार्द, देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


