धमतरी को मिली नई पुलिस कप्तान: भावना पांडेय ने संभाली कमान, जनविश्वास और पारदर्शी पुलिसिंग को बताया पहली प्राथमिकता



धमतरी जिले को नई पुलिस अधीक्षक मिल गई हैं। भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी श्रीमती भावना पांडेय ने सोमवार को धमतरी पुलिस अधीक्षक का विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान निवर्तमान एसपी सूरज सिंह परिहार ने उन्हें विभागीय कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सामुदायिक पुलिसिंग और चल रहे विशेष अभियानों की विस्तृत जानकारी दी।

पदभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी और पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने नई एसपी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनके नेतृत्व में बेहतर कानून-व्यवस्था तथा जनोन्मुखी पुलिसिंग का भरोसा जताया।

पदभार संभालने के बाद एसपी भावना पांडेय ने कहा कि धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, पीड़ितों को समयबद्ध न्याय तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना होगा। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और सेवा भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके बाद नई पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, कार्यालयीन अनुशासन, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया। साथ ही आमजन की शिकायतों का संवेदनशील और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।