धमतरी (टॉप भारत न्यूज़)। गोकुलपुर–भटगांव मार्ग पर लगातार हो रही चाकूबाज़ी और लूट की घटनाओं ने क्षेत्रवासियों में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अपराधी बेखौफ होकर राहगीरों पर चाकू से हमला कर रहे हैं, लूटपाट कर रहे हैं, लेकिन प्रभावी पुलिस कार्रवाई और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था अब तक दिखाई नहीं दे रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, हाल ही में गोकुलपुर रोड स्थित डेयरी के पास एक बाहरी व्यक्ति पर चाकू से हमला किया गया, जिसे गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाना पड़ा। इससे लगभग एक सप्ताह पहले भी केराबारी–भटगांव मोड़ के पास रिखी साहू और शंकर साहू को चाकू दिखाकर नकदी लूट ली गई थी। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएँ अब अपवाद नहीं, बल्कि इस मार्ग की चिंताजनक पहचान बनती जा रही हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि रात होते ही यह सड़क असामाजिक तत्वों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन जाती है। अनेक लोग रात में इस मार्ग से गुजरने से डरते हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी और दुखद घटना कभी भी हो सकती है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि भटगांव की बजाय गोकुलपुर हनुमान मंदिर के पास पुलिस चौकी स्थापित की जाए अथवा कम से कम प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 11–12 बजे तक पुलिस बल की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही गोकुलपुर–भटगांव मार्ग का चौड़ीकरण भी कराया जाए, ताकि अपराधियों को सुनसान और संकरे रास्ते का लाभ न मिल सके।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि चाकूबाज़ों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो ग्रामीण एकजुट होकर चक्का जाम और जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में जब सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी से टॉप भारत ने बात की तो उनका कहना था कि संवेदनशील जगहों पर पुलिसिंग और भी सख्त की जा रही है,साथ ही यदि यहां पुलिस चौकी की ज्यादा ही आवश्यकता किसी जगह पर लोगों द्वारा महसूस की जा रही है तो एक आवेदन लिखित में वार्ड वासी पुलिस को दे दें तो वहां चौकी खोलने के संबंध में विचार किया जा सकता है रही बात गश्त की तो उसकी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून को खेल समझने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।
